
Pardarshi Vikas News Gonda
इटियाथोक थाना क्षेत्र में गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तारी गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में बलरामपुर पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान बलरामपुर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मनोज कुमार गुप्ता और परसिया गूदर निवासी कौशल कुमार पांडेय के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि कौशल कुमार पांडेय अपनी बाइक से परसिया गांव से गोंडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गैस एजेंसी के पास सामने से आ रहे सिपाही मनोज कुमार गुप्ता की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और मोटरसाइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक कमला कांत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।