
43 दिन से फरार हिस्ट्रीशीटर सोशल मीडिया पर सक्रिय
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महंत पर जानलेवा हमले के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर पिछले 43 दिनों से फरार चल रहा है, लेकिन इस दौरान वह सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय बना हुआ है। पुलिस जहां उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अजय ठाकुर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार रील पोस्ट कर अपनी मौजूदगी का एहसास करा रहा है।जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को दर्ज हुए मुकदमे के बाद से अब तक अजय ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @ajay_thakur1525 से करीब 25 रील पोस्ट की हैं। बुधवार सुबह भी उसके अकाउंट से एक नई रील साझा की गई। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि जब आरोपी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय है तो पुलिस उसे गिरफ्तार करने में अब तक सफल क्यों नहीं हो सकी।सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई रीलों में अजय ठाकुर अलग-अलग अंदाज में नजर आ रहा है। एक वीडियो में लग्जरी गाड़ियों का लंबा काफिला दिखाई देता है, जिन पर राजनीतिक झंडे लगे हुए हैं। वीडियो में सड़क पर गाड़ियों को रोककर प्रदर्शन जैसा माहौल बनाया गया है। दूसरी रील में वह शहर के एक व्यस्त इलाके में स्थित मॉल के बाहर कार के बोनट पर खड़ा दिखाई देता है। वहीं एक अन्य वीडियो में वह अपने साथियों के साथ जन्मदिन समारोह मनाते हुए नजर आ रहा है। इन वीडियो को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब केशवपुरम स्थित त्रिलोकी धाम आश्रम के महंत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी पर हमला किया गया था। महंत ने आरोप लगाया था कि अजय ठाकुर अपने साथियों के साथ आश्रम पहुंचा और उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने पथराव भी किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से अजय ठाकुर के एक साथी को गिरफ्तार किया था। साथ ही कुछ वाहन भी बरामद किए गए थे। हालांकि मुख्य आरोपी अजय ठाकुर पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में करीब 32 मुकदमे दर्ज हैं।मामले में एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर उसकी सक्रियता कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।
आरोपी अजय ठाकुर हिस्ट्रीशीटर है। उसकी तलाश में तीन टीमें लगी हैं। इंस्टाग्राम पोस्ट की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है।-सीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार