news-details

फर्नीचर शोरूम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक तीन मंजिला फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की आठ से अधिक गाड़ियां और विशेष वाटर टेंडर मौके पर लगाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने गोविंदनगर के पुराने पुल पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।जानकारी के अनुसार, भवन के प्रथम और तृतीय तल पर फर्नीचर का गोदाम तथा दूसरे तल पर शोरूम संचालित था। कारोबारी गौरव भसीन ने बताया कि उनका करीब 25 वर्ष पुराना फर्नीचर का कारोबार है। प्रारंभिक आशंका है कि शोरूम के सामने लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में लगभग दो करोड़ रुपये का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) दीपक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। टीम ने तीन दिशाओं से आग पर पानी की बौछार कर उसे फैलने से रोका और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।शोरूम के पीछे स्थित एक निजी कार्यालय भी खतरे की जद में आ गया था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से आग वहां तक नहीं पहुंच सकी। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।



कंट्रोल रूम से गोविंद नगर में फर्नीचर शोरूम में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर फ़ज़लगंज, किदवई नगर की करीब 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं। इसके साथ ही वाटर स्पेशलाइज्ड गाड़ी भी भेजी गई है। हमने तीन तरफ से बिल्डिंग को घेरकर आग बुझाने की कोशिश की। आग पर काबू पा लिया गया है।-सीएफओ दीपक शर्मा