
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सिविल लाइंस स्थित होटल लिटिल शेफ में हॉल बुकिंग के नाम पर 1.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन का आरोप है कि एक युवक ने फर्जी भुगतान रसीद दिखाकर कार्यक्रम कराया और बकाया रकम दिए बिना साथियों के साथ फरार हो गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।होटल का संचालन करने वाली रेवन्त हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के जनरल मैनेजर शैलेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पश्चिम बंगाल निवासी राहुल भगत की ओर से होटल के लीला हॉल की दो दिन के लिए बुकिंग कराई गई थी। इसके लिए दो लाख रुपये किराया तय हुआ था, जिसमें 50 हजार रुपये एडवांस जमा किए गए थे।आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब होटल प्रबंधन ने शेष 1.50 लाख रुपये मांगे तो राहुल ने मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट दिखाकर भुगतान का दावा किया। जांच में होटल के खाते में कोई रकम जमा नहीं मिली।इसके बाद राहुल भगत, उसके पिता विश्वनाथ भगत, भाई करन भगत और अन्य लोग सामान लेकर होटल से चले गए। संपर्क करने पर उनके मोबाइल बंद मिले।कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।