
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की एसआईटी और फीलखाना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार कर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षा बोर्डों के नाम पर तैयार की गई 59 फर्जी मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन और प्रोविजनल सर्टिफिकेट बरामद हुए हैं। इसके अलावा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 4.53 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।पुलिस कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और इसका नेटवर्क करीब 25 राज्यों तक फैला हुआ है। यह गिरोह फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर लोगों को बेचने का काम कर रहा था।छापेमारी के दौरान पुलिस ने बर्रा-2 ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी अमित सक्सेना और विनायकपुर क्षेत्र निवासी गोपाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मूल रूप से अन्य जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना है।