
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली के मामलों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में 20 स्कूलों के खिलाफ मिली शिकायतों की समीक्षा की गई। बैठक में 8 स्कूलों के खिलाफ शिकायतें सही पाई गईं, जिन पर नोटिस जारी करने और 5 लाख रुपये तक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है। इनमें से 2 स्कूलों ने लिखित रूप से स्वीकार किया है कि बढ़ाई गई फीस को आगामी महीनों की फीस में समायोजित किया जाएगा।प्रशासन ने इन स्कूलों को 1 जून 2026 तक अपना पक्ष रखने का समय दिया है। वहीं, बाकी स्कूलों के खिलाफ लगे आरोपों को जांच में सही नहीं पाया गया है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अभिभावकों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की मनमानी फीस वृद्धि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।