news-details

फीस वृद्धि पर लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्र हंगामा

You can share this post!

 Pardarshi Vikas News Lucknow

यूनिवर्सिटी में सोमवार को फीस वृद्धि के विरोध में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुलपति से मिलने जा रहे छात्रों को प्रशासन द्वारा रोक दिए जाने के बाद माहौल गरमा गया और छात्रों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुलपति कार्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर ताला लगा दिया गया था, जिससे छात्र भड़क उठे। गुस्साए छात्रों ने लंबे समय तक लोहे के चैनल पीटे और प्रशासन विरोधी नारे लगाए। सूचना पर पहुंचे प्रॉक्टर और अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय धीरे-धीरे निजीकरण की दिशा में बढ़ रहा है। उनका कहना है कि लगातार फीस बढ़ाई जा रही है, जबकि छात्रों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रहीं। छात्रों के मुताबिक बीकॉम ऑनर्स की फीस 28,330 रुपये से बढ़ाकर 40,232 रुपये कर दी गई है, जबकि एलएलबी की फीस 25,580 रुपये से बढ़ाकर 47,330 रुपये कर दी गई है। अन्य कई पाठ्यक्रमों की फीस में भी भारी बढ़ोतरी की गई है।

समाजवादी छात्र सभा के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रवेश परीक्षा शुल्क भी 800 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया गया है, जिससे गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति से वार्ता की मांग करते हुए कहा कि छात्र हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।