
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित बाबा जलपान गृह के संचालक 70 वर्षीय रामशरण सिंह ने चौकी प्रभारी और एक सिपाही पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी और दुकानदार के बीच कहासुनी होती दिखाई दे रही है। रामशरण सिंह के अनुसार, चौकी क्षेत्र में तैनात एक सिपाही अक्सर उनकी दुकान से बिना पैसे दिए रजनीगंधा मांगता था। आरोप है कि घटना वाले दिन भी सिपाही रजनीगंधा लेने पहुंचा और कुछ देर होने पर चौकी प्रभारी राजेश सिंह दुकान पर आ गए। दुकानदार का कहना है कि चौकी प्रभारी ने उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गालियां दीं।करीब 2 मिनट 51 सेकेंड के सीसीटीवी वीडियो में एक सिपाही दुकानदार से रजनीगंधा मांगता दिखाई देता है। इसके बाद वह अपने साथ मौजूद दरोगा से कहता है कि अभी सामान नहीं मिलेगा। कुछ देर बाद दरोगा दुकान पर पहुंचता है और दुकानदार से बहस करता नजर आता है। वीडियो में दरोगा दुकान के अंदर जाकर बातचीत करते दिख रहे हैं। बाद में दोनों पुलिसकर्मी रजनीगंधा लेकर वहां से चले जाते हैं।घटना के बाद उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने मामले की कड़ी निंदा की है। संगठन ने कहा कि व्यापारी समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल ने निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) को शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है।वहीं, चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह चोरों को पकड़कर ले जा रहे थे और उन्होंने एक सिपाही को पैसे देकर दुकान से पानी की बोतल लाने भेजा था। करीब 15 मिनट तक सिपाही के वापस न आने पर वह स्वयं दुकान पहुंचे, जहां देरी को लेकर कहासुनी हुई। उन्होंने किसी भी प्रकार की अभद्रता से इनकार किया है।महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार