
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। पिछले दो दिनों तक तापमान में गिरावट और बादलों की मौजूदगी से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन सोमवार सुबह से तेज धूप निकलने और उमस बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही मौसम में चिपचिपाहट महसूस की गई, जिससे दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर और बढ़ता नजर आया।मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान सामान्य से कम रहने के बावजूद बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।रविवार को अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 77 प्रतिशत और न्यूनतम 44 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति 4.7 किलोमीटर प्रति घंटा रही तथा हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से चलती रहीं। मौसम में बदलाव के चलते सोमवार को दोपहर के समय प्रमुख घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि तेज धूप और नमी के कारण उमस बनी रह सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलते समय सावधानी बरतने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचने की सलाह दी है।मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।