
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में पांच दिनों बाद बुधवार को तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह से तेज धूप निकलने के कारण पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले दिनों की तुलना में करीब 3 डिग्री अधिक रहा। बढ़ती गर्मी और तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।बीते शुक्रवार से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ था। तेज हवाओं और रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी और मौसम सुहावना बना हुआ था। हालांकि मंगलवार को उमस ने लोगों को परेशान किया और बुधवार को तेज धूप के साथ गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया।सुबह 11 बजे तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरे पर गमछा और कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकले। महिलाओं ने भी गर्म हवाओं और धूप से बचाव के लिए अपना चेहरा ढककर सफर किया।भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में युवा गंगा स्नान के लिए पहुंचे। उनका कहना था कि गंगा में स्नान करने से गर्मी से राहत मिलती है और शरीर को ठंडक महसूस होती है।लोहिया अस्पताल के चिकित्सकों ने मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, सिर और चेहरे को ढककर रखें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने लोगों को नियमित रूप से पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।