news-details

फैमिली आईडी योजना की धीमी प्रगति पर CDO सख्त

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat

फैमिली आईडी योजना की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में नगरीय निकायों में योजना के निर्माण और पंजीकरण कार्य की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।

समीक्षा के दौरान कई नगर निकायों में कार्य अपेक्षित गति से न मिलने पर CDO ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाया जाना है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने तथा अधिशासी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही या शिथिलता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिशासी अधिकारियों को वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक परिवारों का पंजीकरण कराने, सभासदों और कर्मचारियों की मदद से घर-घर संपर्क अभियान चलाने को कहा गया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

CDO ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक तक सभी निकायों में उल्लेखनीय प्रगति दिखनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी।