
PARDARSHI VIKASH NEWS पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर मतगणना जारी है। दोपहर 12 बजे तक 9 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु करीब 34 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं चुनाव से पीछे हटने की घोषणा करने वाले तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर हैं और अब तक उन्हें 2902 वोट मिले हैं। फालता सीट पर कुल 21 राउंड की काउंटिंग होनी है। यहां 21 मई को 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था, जिसमें 88.13% मतदान दर्ज हुआ। भाजपा ने पहले मतदान के दौरान कई बूथों पर EVM में छेड़छाड़ और पार्टी के सिंबल पर टेप लगाने का आरोप लगाया था। जांच में कई बूथों पर गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद पुनर्मतदान कराया गया। फालता सीट लंबे समय तक वामपंथ का गढ़ रही, लेकिन 2011 से यहां लगातार तृणमूल कांग्रेस जीतती रही है। हालांकि इस बार राज्य में भाजपा को बड़ी बढ़त मिली है और फालता में भी पार्टी इतिहास रचने के करीब दिखाई दे रही है।