
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भादर ब्लॉक के सांगापुर हरखा मजरा गांव में शनिवार शाम एलटी लाइन का फॉल्ट ठीक करते समय अचानक बिजली सप्लाई शुरू होने से संविदा लाइनमैन सुनील शर्मा (35) गंभीर रूप से झुलस गए। वह पीपरपुर बिजली उपकेंद्र के सोनारी फीडर में खराबी ठीक करने पहुंचे थे और शटडाउन लेकर काम कर रहे थे। अचानक करंट आने से हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें भादर सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने बताया कि सप्लाई शुरू होने के कारणों और सुरक्षा नियमों के पालन की जांच कराई जाएगी।