news-details

फैक्ट्री के बाहर मिले मैकेनिक की इलाज के दौरान मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। फजलगंज थाना क्षेत्र में फैक्ट्री के बाहर बेसुध मिले मैकेनिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।मृतक की पहचान हनुमंत विहार निवासी 36 वर्षीय अवधेश कुमार के रूप में हुई है। वह फजलगंज स्थित एक फैक्ट्री में मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी और 9 वर्षीय बेटी है।परिजनों के अनुसार अवधेश सोमवार को रोज की तरह काम पर गए थे। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें पहले गार्ड रूम में बैठाए रखा और बाद में बाहर कर दिया। इसके बाद वह फैक्ट्री से कुछ दूरी पर कल्पना ट्रैवल्स की पार्किंग के पास सड़क किनारे बेसुध हालत में मिले।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अवधेश को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार अस्पताल पहुंचा। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।