
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। फूड बैंक वाराणसी की ओर से सोमवार को चेतगंज स्थित सेल टैक्स कार्यालय के मुख्य द्वार के पास निःशुल्क भोजन वितरण सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराना है। शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया। फूड बैंक के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा प्रतिदिन संचालित की जाएगी, ताकि शहर में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे। संस्था ने समाज के सक्षम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम में शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक कुमार तिवारी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों ने फूड बैंक की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम में दीपक सेठ, माधव जी, अधिवक्ता शरद त्रिपाठी, नागेश्वर राय, चंद्रेश सिंह, रौशन, अभिषेक सिंह, सुयश अग्रवाल, बलवंत, सोनू यादव, अश्वनी, श्रवण गुप्ता समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।