
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी सरवणन टी. ने शुक्रवार की देर रात ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत एसपी स्वंय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जगदीशपुर के तेतारपुर स्थित श्रीरामगंज चौराहे ओवरब्रिज पर पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की। शुक्रवार की रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे इस विशेष अभियान के दौरान एसपी ने चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रभावी जांच करने, अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के साथ ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, बिना वैध दस्तावेज, दोषपूर्ण नंबर प्लेट तथा काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।