
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कार्यालय सभागार गौरीगंज में एसपी सरवणन टी. की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष शामिल हुए। एसपी ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में एसपी ने पाबंदी की कार्रवाई, गुंडा एक्ट, जिला बदर और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा। महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई और अभियान चलाकर फरार व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया।एसपी ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, प्रमुख चौराहों, सर्राफा दुकानों और बैंकों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन जांच करने को कहा। इसके अलावा रात में दोपहिया और चार पहिया वाहनों से घूमने वाले युवाओं पर भी नजर रखने और संदिग्ध परिस्थितियों में वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए।एसपी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी क्षेत्र में सक्रिय रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। बैठक में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक रणनीति पर भी चर्चा हुई।