news-details

एसपी के आदेश के बाद भी नहीं छोड़ी पुरानी तैनाती

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में पुलिस अधीक्षक के आदेश के बावजूद कई आरक्षियों ने अपनी पुरानी तैनाती वाली जगह नहीं छोड़ी है। तबादला आदेश के कई दिन बाद भी करीब 100 आरक्षियों ने रिजर्व पुलिस लाइन में आमद दर्ज नहीं कराई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रिजर्व पुलिस लाइन ने दोबारा पत्र जारी कर तत्काल आमद कराने के निर्देश दिए हैं।जानकारी के अनुसार, एसपी के निर्देश पर 19 जून को वर्ष 2020 बैच के 114 आरक्षियों को छह माह के लिए पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया था। इन आरक्षियों को अलग-अलग थानों और चौकियों से हटाकर रिजर्व पुलिस लाइन में रिपोर्ट करने को कहा गया था।आदेश जारी होने के बाद अब तक केवल 12 से 16 आरक्षियों ने ही पुलिस लाइन में आमद दर्ज कराई है, जबकि बड़ी संख्या में आरक्षी अभी भी अपने पुराने थानों और चौकियों में ही तैनात हैं। इसको लेकर रिजर्व इंस्पेक्टर पुलिस लाइन की ओर से संबंधित थानों और शाखाओं को पत्र भेजकर सभी आरक्षियों की जल्द आमद सुनिश्चित कराने को कहा गया है।सूत्रों के मुताबिक, कुछ आरक्षी अपनी पुरानी और पसंदीदा तैनाती वाली जगह छोड़ना नहीं चाहते। वहीं कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात बताए जा रहे हैं। तबादला आदेश के बाद भी पुराने स्थान पर बने रहना विभागीय अनुशासन और आदेशों के पालन पर सवाल खड़े कर रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने बताया कि जिन आरक्षियों ने अभी तक आमद नहीं कराई है, वे जल्द ही पुलिस लाइन में रिपोर्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ आरक्षी थानों में कंप्यूटर कक्ष समेत अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, जिसके कारण थोड़ी देरी हो रही है। हालांकि, आदेश का पालन न करने वालों पर कार्रवाई को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।