news-details

एसी से भड़की आग ने मचाई अफरा-तफरी

You can share this post!


सुबह होम स्टे, दोपहर दुकान बनी शिकार

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। सोमवार को दो अलग-अलग इलाकों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना चिनहट के नंदी विहार इलाके में हुई, जहां एक होम स्टे की बिल्डिंग के पांचवें फ्लोर पर आग लग गई। दूसरी घटना विकासनगर में हुई, जहां चप्पल की दुकान आग की चपेट में आ गई।चिनहट के नंदी विहार स्थित AQS बिल्डिंग में सुबह करीब 8 बजे आग लगी। बताया गया कि बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। घटना के समय कुछ युवक वहां मौजूद थे। आग लगते ही तीन युवक बाहर निकल गए, जबकि तीन युवक अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू कर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। गोमतीनगर और इंदिरानगर फायर स्टेशन से पहुंची टीमों ने होज पाइप की मदद से करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से एक कमरा और हॉल जल गया।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रिहायशी बिल्डिंग में होम स्टे के नाम पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। लोगों का कहना है कि यहां अक्सर देर रात तक भीड़ जुटती थी और शोर-शराबा होता था। स्थानीय निवासियों ने पहले भी शिकायतें करने की बात कही है।वहीं दूसरी घटना विकासनगर क्षेत्र में कुर्सी रोड स्थित महावीर इंटर कॉलेज के सामने हुई। यहां एक फुटवियर दुकान में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही इंदिरानगर, हजरतगंज और बीकेटी फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां भेजी गईं।पुलिस और फायर टीम ने आसपास के मकानों को खाली कराया और घरों में रखे एलपीजी सिलेंडर व ज्वलनशील सामान सुरक्षित बाहर निकलवाए। करीब दो फायर टेंडर की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दोनों मामलों में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।