news-details

एनएच-27 पर डंपर खराब, तीन किमी लंबा जाम

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

सोहावल तहसील क्षेत्र में  एनएच-27 गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर मिट्टी से भरा एक लोडर डंपर अचानक खराब हो गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घटना दोपहर करीब एक बजे रौनाही टोल प्लाजा से लगभग तीन किलोमीटर आगे नहर पुलिया के पास हुई।

मुख्य मार्ग पर डंपर बंद होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मकसूमगंज पुलिया से लेकर रौनाही थाना क्षेत्र तक करीब तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई छोटे-बड़े वाहन लंबे समय तक सड़क पर रुके रहे।

सूचना मिलने पर 1033 हेल्पलाइन सेंटर के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डंपर में तकनीकी खराबी की पुष्टि की। इसके बाद वाहन को हटाने और यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

काफी मशक्कत के बाद खराब डंपर को किनारे कराया गया, जिसके बाद दोनों तरफ का यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। प्रशासन ने हाईवे पर खराब वाहनों के प्रति सतर्कता बरतने और समय रहते तकनीकी जांच कराने की अपील की है।