
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए नई कार्य व्यवस्था लागू कर दी गई है। श्री साईं दातार कंपनी ने 1 जुलाई से नई व्यवस्था प्रभावी कर दी है, जिसके तहत अब कर्मचारियों से 12 घंटे के बजाय केवल 8 घंटे की ड्यूटी ली जाएगी। साथ ही प्रत्येक कर्मचारी को महीने में चार साप्ताहिक अवकाश भी दिए जाएंगे।कंपनी के एचआर मैनेजर पीयूष शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के हित और बेहतर कार्य वातावरण को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले कर्मचारियों को लगातार 12 घंटे तक ड्यूटी करनी पड़ती थी और नियमित साप्ताहिक अवकाश की सुविधा भी नहीं मिलती थी। नई व्यवस्था से कर्मचारियों को मानसिक और शारीरिक राहत मिलेगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और सेवा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इंचार्ज अतुल शर्मा, मिंटू धाकरे, सचिन गोस्वामी, अंतराम शर्मा, मनीष राजोरिया, अमर शर्मा, सौदान सिंह, अजय शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस बदलाव की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि आठ घंटे की ड्यूटी और नियमित साप्ताहिक अवकाश से कार्य और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बन सकेगा।