news-details

एक भी बच्चा छूटा,पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटा : डीएम

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जनपद में रविवार, 28 जून से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान से पहले शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत ने वर्षों के प्रयासों से पोलियो मुक्त होने की उपलब्धि हासिल की है। इसे बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले दिन जनपद में 2,069 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद 29 जून से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें और 350 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। कुल 9,585 टीमें और 12,642 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी अभियान में शामिल रहेंगे।स्वास्थ्य विभाग ने ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक भी दवा पहुंचाने के लिए विशेष माइक्रो प्लान तैयार किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।जागरूकता रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर पीएसी चौराहा तक निकाली गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, जेएसआई, नेहरू युवा केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर पोलियो उन्मूलन का संदेश दिया।