news-details

एआरटीओ की गाड़ी पर हमला, आवास के बाहर खड़ी इनोवा में की गई तोड़फोड़

You can share this post!

 

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी/गौरीगंज।जिले में परिवहन विभाग के सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) महेंद्र बाबू गुप्ता की गैरमौजूदगी में उनके आवास के बाहर खड़ी निजी कार पर कुछ दबंगों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर और डंडों से की गई इस तोड़फोड़ में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता तहसील परिसर के पास स्थित एक किराये के मकान में रहते हैं। मंगलवार देर रात वह विभागीय टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान पर निकले हुए थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे कुछ लोग उनके आवास पर पहुंचे और बाहर खड़ी उनकी निजी इनोवा कार को निशाना बना लिया।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने कार पर ईंट-पत्थरों और डंडों से हमला किया, जिससे वाहन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। रात करीब दो बजे जब एआरटीओ वापस अपने आवास पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।घटना का पता चलने के बाद एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता तत्काल गौरीगंज कोतवाली पहुंचे और कई नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता का कहना है कि मंगलवार सुबह कुछ कथित दलाल कार्यालय परिसर में लोगों की फाइलें जबरन अपने कब्जे में लेकर काम कराने का प्रयास कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर संबंधित लोगों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की।घटना के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय और चिंता का माहौल है। विभागीय कर्मियों का कहना है कि सरकारी अधिकारियों के आवास तक पहुंचकर इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।गौरीगंज के थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान और घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।