
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत रविवार को ग्राम पंचायत ढाढ़ा बुजुर्ग में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देकर इस सामाजिक कुप्रथा को रोकने की अपील की गई। शांतिपुष्पा विद्यालय के बच्चों ने नाटक के माध्यम से बाल विवाह से होने वाले नुकसान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। एएचटी थाना प्रभारी जितेंद्र एवं जिला मिशन समन्वयक, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन नलिन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बाधक है। इसे रोकने के लिए परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी गई। लोगों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।उप निरीक्षक विनीत वर्मा ने महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, पुलिस सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 के उपयोग के बारे में बताया।श्रीमती सुनीता पाण्डेय ने बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की अपील की। वहीं, श्रीमती प्रियंका चौरसिया ने कहा कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल 1098 या 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल ज्योति कुमारी, कविता यादव, अनु यादव, अनुराधा सिंह और शालिनी पाण्डेय सहित मुकेश समझ यादव, प्रीति सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी व विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने सहभागिता की।