
जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो रजिस्ट्रेशन रद्द होगा:एसीएमओ
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित डिवाइन मेडिकल सेंटर में प्रसव के बाद 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। टीम के पहुंचने से पहले अस्पताल संचालक के मौके से चले जाने की बात सामने आई। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। इसके बाद एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील कर दिया। अस्पताल स्टाफ को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। अधिकारियों ने कहा कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पंजीकरण निरस्त करने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी।जांच के दौरान अस्पताल में मरीजों को अंदर ले जाने के लिए रैंप की जगह सीढ़ियां मिलीं। स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर मरीजों के सुरक्षित आवागमन के लिए निर्धारित सुविधाओं की कमी पर आपत्ति जताई।कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के लाल गांव निवासी विपिन की पत्नी गुड़िया को रविवार देर रात प्रसव पीड़ा हुई थी। परिजनों के अनुसार, स्थानीय चिकित्सक की सलाह पर उन्हें डिवाइन मेडिकल सेंटर लाया गया। यहां ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया और महिला ने बेटी को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद गुड़िया की हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल की ओर से संक्रमण की बात बताते हुए उनसे अतिरिक्त रकम जमा कराई गई।हालत गंभीर होने पर महिला को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर डिवाइन मेडिकल सेंटर पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस पहुंची और स्थिति संभाली। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया गया। कुछ मानक अधूरे पाए जाने पर ओटी सील कर दी गई है। अस्पताल स्टाफ को नोटिस देकर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट होगी। फिलहाल परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है।