
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा (कुशीनगर)। खड्डा तहसील क्षेत्र के बुलचहा गांव से चरगाहां जाने वाले मुख्य मार्ग पर रजवाहा माइनर पर निर्मित पुलिया निर्माण के महज डेढ़ माह बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया के टूटने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया के निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण इतनी कम अवधि में ही पुलिया टूट गई। इससे बुलचहा, चरगाहां और आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।चरगाहां निवासी फागू कुशवाहा और कटहरी निवासी राजेश ने बताया कि पुलिया का निर्माण हाल ही में कराया गया था, लेकिन गुणवत्ता की कमी के कारण यह डेढ़ माह भी नहीं टिक सकी। उन्होंने जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा पुलिया का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।