
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/मुसाफिरखाना। फोरलेन हाईवे पर धरौली मोड़ के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार डीसीएम से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद कार सवार किसी तरह बाहर निकल आए, जिसके कुछ देर बाद वाहन आग का गोला बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।घायलों की पहचान नीता शुक्ला (48) और प्रथम (19) निवासी मुबारकपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। दोनों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।