
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा बाईपास हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एलिवेटेड फ्लाईओवर पर जल निकासी के लिए निकले ड्रेन पाइप में बाइक का हैंडल फंस जाने से हुआ। दुर्घटना के बाद तीनों युवक बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे। जानकारी के अनुसार जूही परमपुरवा निवासी 20 वर्षीय नावेद शेख उर्फ चंदू अपने साथी नूरे अंसारी (18) और राशिद (22) के साथ बाइक से नौबस्ता की ओर जा रहा था। परिजनों के मुताबिक नावेद घर से सैलून जाने की बात कहकर निकला था। बर्रा बाईपास हाईवे पर कुलदीप मोटर्स के पास पहुंचते ही बाइक का हैंडल सड़क किनारे निकले जल निकासी पाइप में फंस गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक करीब 20 मीटर दूर जा गिरे।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल तीनों घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नावेद की मौत हो गई। वहीं नूरे अंसारी और राशिद की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर निकले ड्रेन पाइप हादसों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और सड़क पर मौजूद खतरनाक अवरोधों को तत्काल हटाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।