पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर कसया में निकले डोल मेले के जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजाने और सड़क पर लोगों के नाचने से गांधी चौक पर भीषण जाम लग गया। हालात इतने बिगड़े कि जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस के बार-बार डीजे की आवाज कम करने और वाहन को किनारे लगाने के निर्देश के बावजूद कथित तौर पर निर्देशों की अनदेखी करने पर पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।घटना 8 सितंबर की बताई गई है। उपनिरीक्षक मनोज द्विवेदी पुलिसकर्मियों के साथ गांधी चौक पर तैनात थे। इसी दौरान वार्ड नंबर 18 मथौली-कसया के एकता सेवा दल के जुलूस में आरएस डीजे कुशीनगर का वाहन पहुंचा। पुलिस के मुताबिक वाहन पर करीब 22 से 24 बड़े साउंड स्पीकर और 24 से 28 ट्विटर हॉर्न लगे थे।तेज आवाज और भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस का आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई और वाहन नहीं हटाया गया। पुलिस ने मौके की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए।इसके बाद डीजे संचालक अभय प्रताप सिंह, निवासी सिरसिया खोहिया, थाना कसया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित नियमों के तहत की गई है। एसओ इत्यनंद पांडेय ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।