
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के तत्वावधान में आचार्य नगर स्थित रवींद्र विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल में डेंगू-चिकनगुनिया से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली विषय पर विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन और धन्वंतरि स्तवन से हुआ। डॉ. देवेश तिवारी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या और शारीरिक सक्रियता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को हाथ-पैरों की स्वच्छता रखने और स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कपड़े स्वयं धोने जैसी गतिविधियां भी शरीर के व्यायाम में सहायक हो सकती हैं। साथ ही बचे हुए पानी के पुन: उपयोग और जल संरक्षण के बारे में जानकारी दी। डॉ. तिवारी ने डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए आसपास पानी जमा न होने देने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को होम्योपैथिक औषधि भी वितरित की गई। इसमें 45 विद्यार्थी और शिक्षकगण मौजूद रहे। आरोग्य भारती ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।