
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। डीएवी कॉलेज में प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार दीक्षित के विदाई समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के स्मार्ट लेक्चर थियेटर में आयोजित हुआ, जिसमें कानपुर नगर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रो. दीक्षित के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके छात्रहितैषी निर्णयों और प्रशासनिक दक्षता को सराहा। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में कॉलेज ने शैक्षणिक, शोध और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।कार्यक्रम में उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया गया, जिनमें कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े निर्णय, सेवानिवृत्त कर्मियों के हितलाभों का त्वरित निस्तारण, लंबित नैक मूल्यांकन का सफल संपादन, नई शिक्षा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग शामिल रहे।इसके अलावा शोध अनुदानों में वृद्धि, शिक्षकों के पदोन्नति अवसर, संगोष्ठियों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार, पुस्तकालय के डिजिटलीकरण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण को भी प्रमुख उपलब्धियों में गिना गया।समारोह में अतिथियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में कॉलेज में नवाचार, शोध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मजबूत हुआ। इस अवसर पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्राचार्यों और शिक्षाविदों ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। कॉलेज परिवार ने इसे एक प्रेरणादायक और ऐतिहासिक कार्यकाल बताया।