news-details

डीएम से मिलने जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक का हुआ हादसा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। नोशनल वेतन वृद्धि से संबंधित लंबित फाइलों के निस्तारण की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मिलने जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक हरिकुमार श्रीवास्तव सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पयागीपुर क्षेत्र में हुआ, जिसमें उनके दाहिने पैर के टखने की हड्डी टूट गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, भदैया ब्लॉक के मंत्री बिपिन यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यरत और सेवानिवृत्त शिक्षक जिला अस्पताल पहुंच गए तथा उनका हालचाल जाना।बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की नोशनल वेतन वृद्धि से संबंधित फाइलें पिछले छह माह से वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) कार्यालय में लंबित हैं। कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसी मुद्दे को लेकर हरिकुमार श्रीवास्तव जिलाधिकारी से मिलने जा रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए।घटना के बाद शिक्षकों में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। शिक्षक नेता बिपिन यादव ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की पत्रावलियां महीनों से लंबित हैं, जबकि जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अधिकारियों ने बुजुर्ग शिक्षकों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर लंबित पत्रावलियों का निस्तारण नहीं किया गया तो कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षक वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।इस दौरान राम सिंह, सूर्यभान चौरसिया, बाबूराम वर्मा, अशोक श्रीवास्तव, सुनैना देवी, राम सहाय सिंह, कनक लता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।