
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर । बुधवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जनपद में 1962 मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एमवीयू) सेवा का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य पशुपालकों को घर बैठे मिल रही आपातकालीन पशु चिकित्सा एंबुलेंस सेवा की जमीनी स्थिति, सक्रियता और गुणवत्ता का आकलन करना था।अधिकारियों ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाओं, सर्जिकल उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और उनकी एक्सपायरी तिथियों की भी जांच की। निरीक्षण में दवाओं और उपकरणों का स्टॉक संतोषजनक पाया गया, और सभी आवश्यक संसाधन निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध थे।निरीक्षण के दौरान मोबाइल वेटरनरी यूनिट में तैनात पशु चिकित्सक डॉ. विष्णु यादव, एमटीएस हकीम अली और चालक हरीश कुमार शुक्ला मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को सेवा संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर डिप्टी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एन. के. ओझा सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद थे। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सेवा के संचालन पर संतोष व्यक्त किया और पशुपालकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।