
करो योग, रहो निरोग” जीवन का मूल मंत्र है:डीएम
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह (15 से 21 जून 2026) की शुरुआत सोमवार को नानाराव पार्क में सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुई। नगर जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार स्वयं भी योगाभ्यास किया और उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “करो योग, रहो निरोग” केवल एक नारा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल आधार है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है। यदि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो कई बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 21 जून 2026 को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान नानाराव पार्क, माल रोड और फूलबाग सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और इसे जन-जन तक पहुंचाना है।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, अपर जिलाधिकारी नगर सहित प्रशासन एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर कार्यक्रम में भागीदारी की।
योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन की एक संपूर्ण पद्धति है। इसे दैनिक जीवन में अपनाकर शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहा जा सकता है। नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है। “करो योग, रहो निरोग” जीवन का मूल मंत्र है। — जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह