news-details

CNG पंप पर ऑटो में लगी आग, बड़ा हादसा टला

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित एक CNG पंप पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सीएनजी भरवाने के दौरान एक ऑटो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ऑटो जलकर राख हो गया और पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।यह घटना थाना हाईवे क्षेत्र की सतोहा चौकी के अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार, रोहताश पुत्र ओमप्रकाश, निवासी दिल्ली वाली बाउंड्री, मंडी चौराहा, अपने ऑटो नंबर UP85DT5109 में CNG भरवा रहे थे, तभी अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई।आग लगते ही पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि ऑटो पूरी तरह चपेट में आ गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।हालांकि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए जलते हुए ऑटो को धक्का देकर पंप परिसर से सड़क किनारे हटा दिया, जिससे आग CNG डिस्पेंसर और अन्य वाहनों तक नहीं पहुंच पाई। समय रहते उठाए गए इस कदम से एक बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, ऑटो में सवारियां मौजूद थीं, लेकिन CNG भरवाने से पहले उन्हें उतार दिया गया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अगर सवारियां अंदर होतीं तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।घटना की सूचना पर सतोहा चौकी प्रभारी विनीत चौधरी मौके पर पहुंचे और बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया है। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।