
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पेट्रोल, डीजल और दूध के बाद अब CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। CNG के दाम में 3 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद नई कीमत 97.50 रुपये प्रति किलो हो गई है। नई दरें 15 मई की रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं। नई कीमतों के बाद CNG अब शहर में पेट्रोल से भी महंगी हो गई है। कानपुर में पेट्रोल की कीमत करीब 97.23 रुपये प्रति लीटर है, जबकि CNG उससे अधिक दाम पर बिक रही है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों और रोजाना यात्रा करने वाले वाहन चालकों पर पड़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 20 वर्षों में CNG की कीमत 27 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 97.50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वर्ष 2021 में यह 64 रुपये, जुलाई 2022 में 92 रुपये और अप्रैल 2023 में 94.50 रुपये प्रति किलो थी। शहर में करीब एक लाख वाहन CNG पर चलते हैं, जिनमें ऑटो, टैक्सी, स्कूल वैन और निजी वाहन शामिल हैं। कीमत बढ़ने से ऑटो चालकों पर रोजाना 20 से 30 रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, कानपुर में प्रतिदिन लगभग 97 हजार किलोग्राम CNG की खपत होती है। इस बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं पर प्रतिदिन करीब 2.9 लाख रुपये और महीने में लगभग 88 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसका असर आने वाले समय में किराए और परिवहन लागत पर भी दिख सकता है।