
PARDARSHI VIKASH NEWS ईरान-अमेरिका तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दाम पिछले दो हफ्तों में चौथी बार बढ़ाए गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने मंगलवार 26 मई से CNG की कीमत में ₹2 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी।नई दरों के अनुसार दिल्ली में CNG की कीमत ₹81.09 से बढ़कर ₹83.09 प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में अब CNG ₹91.70 प्रति किलो मिलेगी। गुरुग्राम में इसकी कीमत बढ़कर ₹88.12 प्रति किलो पहुंच गई है।इससे पहले 25 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ाए थे। दिल्ली में पेट्रोल ₹2.61 महंगा होकर ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 बढ़कर ₹95.20 प्रति लीटर हो गया है।विशेषज्ञों के मुताबिक ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। इसी वजह से तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है।पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार सरकारी तेल कंपनियों को फिलहाल रोजाना करीब 600 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। इससे पहले यह घाटा लगभग 1000 करोड़ रुपए प्रतिदिन तक पहुंच गया था।ईंधन महंगा होने का असर अब आम लोगों की जेब पर भी दिख सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियां, फल और राशन के दाम बढ़ सकते हैं। किसानों की लागत भी बढ़ेगी क्योंकि ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने में ज्यादा खर्च आएगा। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है।हालांकि बढ़ती कीमतों के बावजूद CNG वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन साल में भोपाल समेत कई शहरों में CNG गाड़ियों की बिक्री करीब 50% तक बढ़ी है। इसकी बड़ी वजह पेट्रोल-डीजल की तुलना में बेहतर माइलेज और अपेाकृत कम खर्च माना जा रहा है।CNG यानी कंप्रेस्ड नेचुरल गैस मुख्य रूप से मीथेन गैस से बनती है। यह प्राकृतिक गैस जमीन के नीचे तेल और गैस के कुओं से निकाली जाती है। रिफाइनिंग के बाद इसे उच्च दबाव में कंप्रेस कर सिलेंडरों में भरा जाता है और वाहनों में ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।