news-details

छवि ने हाईस्कूल में जिले में दूसरा स्थान पाया

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat

कानपुर देहात में यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होते ही एसए सिंह इंटर कॉलेज अवसी की छात्रा छवि ने शानदार सफलता हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। छवि ने कुल 600 अंकों में से 571 अंक हासिल किए, जो 95.17 प्रतिशत है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मूल रूप से औरैया जनपद के गपकापुर गांव निवासी छवि की सफलता को उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन का परिणाम माना जा रहा है। छवि ने बताया कि उन्होंने रोजाना 3 से 4 घंटे एकाग्र होकर पढ़ाई की और समय का सही उपयोग किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया, जिन्होंने हर समय उनका मार्गदर्शन किया।

छवि ने बताया कि उनका सपना भविष्य में इंजीनियर बनने का है। परिवार में कुछ रिश्तेदार इंजीनियर हैं, जिनसे प्रेरणा लेकर उन्होंने यह लक्ष्य तय किया है। उनका कहना है कि वह आगे भी पूरी मेहनत से पढ़ाई कर अपने सपने को साकार करेंगी।

छवि के पिता अजय यादव, जो किसान हैं, बेटी की सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छवि हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता देती थी और लगन से मेहनत करती थी। वहीं मां अनीता यादव ने बताया कि बेटी शुरू से ही लक्ष्य के प्रति गंभीर रही है।

छात्रा छवि ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि छात्र रोजाना 2 से 4 घंटे मन लगाकर पढ़ाई करें, तो किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिली है।