
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। चिनहट इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। गणेशपुर रहमानपुर में दो मंजिला मकान की छत पर खेलते समय बच्ची रेलिंग के गैप से फिसलकर नीचे सड़क पर गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।सीतापुर के घूरामऊ बंगला निवासी अतुल शर्मा अपनी पत्नी मंजू और डेढ़ साल की बेटी निशा के साथ किराए के मकान में रहते हैं। अतुल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे निशा छत पर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह रेलिंग के पास पहुंच गई और अधिक गैप होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया।बच्ची के गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। माता-पिता तुरंत बाहर आए और घायल बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।निशा परिवार की इकलौती संतान थी। परिजनों के अनुसार, शादी के छह साल बाद उन्हें बेटी का सुख मिला था। मासूम की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।