news-details

छेड़खानी के आरोप पर बीच सड़क होमगार्ड की पिटाई

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़   कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र के सामने बर्रा-8 स्थित कारगिल पेट्रोल पंप के पास एक होमगार्ड और महिला के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की वर्दी पकड़कर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। महिला ने होमगार्ड पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। करीब एक मिनट 26 सेकंड के वीडियो में चेहरा दुपट्टे से ढके महिला होमगार्ड की वर्दी खींचते हुए उसे थप्पड़ और लात मारती नजर आ रही है। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग महिला का समर्थन करते दिखाई देते हैं। वीडियो में कुछ लोग महिला को होमगार्ड को मारने के लिए चप्पल भी देते हैं, लेकिन होमगार्ड चप्पल छीनकर फेंक देता है। इसके बाद महिला दोबारा थप्पड़ मारती है और आखिर में होमगार्ड वहां से निकल जाता है।घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, लेकिन मामले की जांच से पहले ही पुलिस क्षेत्राधिकार को लेकर उलझ गई। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा का कहना है कि घटना स्थल कारगिल अंडरपास बर्रा थाना क्षेत्र में आता है। वहीं, बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने इसे गुजैनी थाना क्षेत्र की घटना बताया।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।