news-details

छुट्टी का वेतन जारी, मुसीबत भारी, चार निलंबित

You can share this post!

 Pardarshi Vikas News Kanpur

कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में छुट्टी के बावजूद 71 इंस्पेक्टर, दरोगा और कांस्टेबलों को एक माह का अतिरिक्त मानदेय दिए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। अकाउंट विभाग की लापरवाही सामने आने पर चार लिपिकों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही 71 पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी कर उनके वेतन से 2.88 लाख रुपये की वसूली की गई है।ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम व हेडक्वार्टर Sankalp Sharma ने बताया कि अराजपत्रित पुलिस कर्मियों को हर माह के दूसरे शनिवार और रविवार को कार्य करने के एवज में अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है। यदि कोई पुलिसकर्मी इस अवधि में अवकाश लेता है, तो उतने दिनों के मानदेय में कटौती की जाती है।जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के अवकाश के दिनों में कटौती नहीं की गई और उन्हें पूरा अतिरिक्त मानदेय दे दिया गया। इस मामले में अकाउंट विभाग के मिनिस्ट्रियल स्टाफ की लापरवाही पाई गई। दरोगा भूपेंद्र कुमार सिंह, दरोगा पवन कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल हरिशंकर की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है।रिपोर्ट ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर को सौंपे जाने के बाद कार्रवाई की गई। साथ ही सभी जोनों के डीसीपी, क्राइम ब्रांच, एडीसीपी, एसीपी और थानों में दिए जा रहे मानदेयों की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।अधिकारियों के अनुसार, अतिरिक्त मानदेय पाने वाले सभी 71 पुलिसकर्मियों के वेतन से कुल 2.88 लाख रुपये की वसूली कर ली गई है और मामले की आगे जांच जारी है।