news-details

छात्रों के मुद्दों पर अधिकारियों से भिड़े सांसद

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS  आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। सर्किट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने पर माहौल गरमा गया।कार्यक्रम के बीच एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा और डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य पुलिस बल के साथ सभागार पहुंचे। अधिकारियों ने सांसद संजय सिंह से अलग जाकर बातचीत करने का अनुरोध किया। इस पर संजय सिंह नाराज हो गए और उन्होंने अधिकारियों के हस्तक्षेप पर कड़ी आपत्ति जताई।संजय सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बंद सभागार में छात्रों के साथ संवाद किया जा रहा है तो प्रशासन को इसमें हस्तक्षेप करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सर्किट हाउस कोई निजी संपत्ति नहीं, बल्कि जनता के पैसे से संचालित सार्वजनिक परिसर है।सांसद ने आरोप लगाया कि प्रशासन छात्रों की समस्याओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा को रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इस विषय पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए।घटना के दौरान कुछ समय तक बहस का माहौल बना रहा, जिसके बाद कार्यक्रम आगे जारी रहा। यह घटनाक्रम पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।