news-details

छितौनी तटबंध पर डीएम-एसपी का निरीक्षण

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक ने खड्डा तहसील क्षेत्र स्थित छितौनी तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध क्षेत्र में स्थित ठोकर संख्या 8.650 एवं 12.700 (वीरभार) पर चल रहे मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और कटान-रोधी कार्यों का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा कार्य 20 जून तक हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं।उन्होंने कहा कि तटबंध के संवेदनशील और कटान प्रभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बाढ़ के दौरान छोटी सी चूक भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता, नावों की व्यवस्था तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक संसाधन पहले से ही उपलब्ध और क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तटबंध की वर्तमान स्थिति एवं चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रैट होल तथा रेंकट सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता महेश कुमार सिंह, एसडीओ मनोरंजन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खड्डा, सिंचाई विभाग तथा तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।