news-details

छिनैती कांड का 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ दिबियापुर,औरैया। थाना पुलिस ने छिनैती की घटना में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और 20,230 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की रात बेला रोड निवासी बृजेश कुमार गुप्ता अपने सहार स्थित गोदाम से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। असैनी और बरू गांव के बीच सफेद अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, मोबाइल, मोटर साइकिल, ई-रिक्शा और पिकअप के कागजात के साथ दो दिन की कलेक्शन की रकम रखी थी।घटना के संबंध में 18 अप्रैल को थाना दिबियापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों शिवम, आशीष कुमार और असद उर्फ पोपे को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक अन्य आरोपी फरार चल रहा था। रविवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी संजय उर्फ संजू उर्फ शुभम पुत्र शिवबालक निवासी गुलखरा (जीवा सिरसानी), थाना सहार को असैनी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और 20, 230 रुपये नकद बरामद हुए।प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।