
PARDARSHI VIKASH NEWS CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के आंसर शीट वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी है। बोर्ड ने कहा है कि छात्रों को अतिरिक्त समय देने और पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।CBSE ने 2 जून को पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल शुरू किया था, लेकिन शुरुआत से ही छात्रों ने वेबसाइट पर दिक्कतों और सर्वर समस्याओं की शिकायत की। इसी दौरान पोर्टल पर साइबर हमले की भी कोशिशें सामने आईं, जिसके बाद बोर्ड ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब 70,433 आवेदन मिल चुके हैं, जिनमें 7,314 मार्क्स वेरिफिकेशन और 63,119 री-इवैल्यूएशन के मामले शामिल हैं। बोर्ड का कहना है कि डिनायल ऑफ सर्विस (DoS) जैसे साइबर अटैक के जरिए पोर्टल को ठप करने की कोशिश की गई, लेकिन डेटा लीक या अनधिकृत एक्सेस का कोई मामला सामने नहीं आया।CBSE ने इस प्रक्रिया में IIT कानपुर, IIT मद्रास, CERT-In और अन्य साइबर सुरक्षा एजेंसियों की मदद भी ली है। रिजल्ट के बाद से बोर्ड की मूल्यांकन प्रणाली को लेकर कई सवाल उठे हैं, जिसके चलते अब री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया पर भी छात्रों की नजर बनी हुई है।