
नवाबगंज थाना क्षेत्र में पिपरी गांव के पास नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ा पुराना पीपल का पेड़ अचानक टूटकर चलती बाइक पर गिर गया, जिससे बाइक सवार दो युवकों रिंकू और अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय दोनों युवक किसी काम से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हल्की हवा चल रही थी, तभी जर्जर पेड़ बीच से टूटकर सड़क पर आ गिरा और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाकर युवकों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन भारी तना होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कटर मशीन की मदद से पेड़ काटकर शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक अमित के छोटे भाई की अगले दिन शादी थी, जिससे परिवार में मातम छा गया।