
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। जगनेर रोड स्थित ब्लॉक अकोला की ग्राम पंचायत बसेया रायमल के चिरमोली गांव में पिछले 20 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों में अनदेखी के चलते गांव में जल निकासी की व्यवस्था खराब हो गई है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए ब्लॉक अकोला, तहसील किरावली और जिला मुख्यालय तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है और कई बार उन्हें घरों में ही रुकना पड़ता है।महिलाओं ने बताया कि रास्तों पर पानी भरने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम प्रधान ने भी अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ।मामले में खंड विकास अधिकारी ने बताया कि जलभराव की समस्या उनके संज्ञान में नहीं थी। उन्होंने कहा कि जांच कराकर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।