
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ
चारबाग रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण कार्य के चलते 31 मई और 1 जून को 6-6 घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया गया है। इस कारण रेलवे संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है और कुल 74 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 19 ट्रेनों के मार्ग को डायवर्ट किया गया है, जो अब चारबाग रेलवे जंक्शन पर नहीं आएंगी, जबकि 55 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की है।31 मई और 1 जून को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 5 पर किसी भी ट्रेन का संचालन नहीं होगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर 23 जून तक पूरी तरह ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर प्रतिदिन 6 घंटे का आंशिक ब्लॉक रहेगा, जिससे कुछ ट्रेनों के समय और प्लेटफॉर्म में परिवर्तन किया गया है।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और प्लेटफॉर्म की जानकारी अवश्य जांच लें। यह जानकारी रेलवे की वेबसाइट, NTES मोबाइल ऐप और हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। प्रशासन ने कहा है कि यह कदम निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए जरूरी है, जिससे भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।