news-details

चोर-पुलिस का हाई वोल्टेज ड्रामा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जरीबचौकी चौराहे पर बुधवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान चोर और पुलिस के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। इस दौरान एक मोबाइल चोर पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन क्रासिंग बंद होने के कारण वह जाम में फंस गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक बिना नंबर प्लेट और रॉन्ग साइड से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह फजलगंज की ओर भागने लगा। इसी दौरान जरीबचौकी चौराहे की क्रासिंग बंद होने से वह ट्रैफिक जाम में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर उसकी बाइक की चाबी निकाल ली।पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के बाद युवक ने थाने जाने से इनकार कर दिया और मौके पर ही सड़क पर लेट गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे कंधे पर उठाकर सीसामऊ थाने पहुंचाया। इस पूरी घटना का वीडियो राहगीरों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला चर्चा में आ गया।थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो पनकी थाने से एक मोबाइल चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।