
पारदर्शी विकास ब्यूरो , कुशीनगर। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बुलहवा बैरा टोला में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष की चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शांति देवी पत्नी रामबृक्ष साहनी ने आरोप लगाया कि गांव के ही शंभू, साधु, विशाल तथा आरती देवी उनकी नातिन को अपशब्द कह रहे थे। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध करते हुए कारण पूछा, तो आरोपित पक्ष उग्र हो गया और विवाद मारपीट में बदल गया।आरोप है कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं नीतू, मूर्ति, बेचनी तथा अंतिमां को भी आरोपितों ने लाठी-डंडों और हाथापाई से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड्डा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।